कमरे में एक मेज पर दो थालियां रखी थीं, जिनमें दो-दो तंदूरी रोटी और दाल थी।मेज के नीचे दो स्टील के गिलास और एक प्लास्टिक का पानी का जग भी मिला। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
यूपी के बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त डिप्टी जेलर राम बहादुर शर्मा का शव उनके नवनिर्मित मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शहर में आए डिप्टी सीएम को विदा करने के बाद एसएसपी ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। मृतक के मुंह से रक्त बह रहा था, हालांकि शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं थे। हत्या की आशंका जताई जा रही है।
विज्ञापन
थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि शनिवार देर रात प्रमोद शर्मा ने सूचना देकर बताया था कि उनके पिता राम बहादुर शर्मा, (70) मृत अवस्था में अपने मकान में पड़े हैं। पिता डिप्टी जेलर थे और दस साल पहले रिटायर हो चुके थे। यह मकान बालाजी कॉलोनी, खजुरिया घाट में स्थित है। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने पाया कि राम बहादुर शर्मा का शव खुले जीने के नीचे पड़ा था। सिर में दो जगह चोट थी और अंदरूनी रक्तस्राव हुआ था। पोस्टमार्टम में एंटीमार्टम इंजरी की पुष्टि हुई जो किसी प्रहार या जीने से गिरने की वजह से भी हो सकती है। कमरे में एक मेज पर दो थालियां रखी थीं, जिनमें दो-दो तंदूरी रोटी और दाल मखनी थी।
मेज के नीचे दो स्टील के गिलास और एक प्लास्टिक का पानी का जग भी मिला। छत पर एक चटाई पड़ी थी और एक कटोरी में थोड़ी सी दाल मखनी भी रखी थी। इसके अलावा कमरे में शराब के पौव्वे के दो रैपर मिले और मकान के बराबर में खाली जगह पर दो खाली पौव्वे भी पड़े थे। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस ने हत्या की आशंका से इन्कार नहीं किया है। एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि मृतक के परिजन ने अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। किसी भी व्यक्ति पर कोई शक भी व्यक्त नहीं किया गया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।