भमोरा। गांव जमालपुर के सुभाष मौर्य (40) का शव मंगलवार सुबह खेत में ट्यूबवेल के पास पुराने कुएं में उतराता मिला। वह सोमवार दोपहर से लापता थे।
गांव जमालपुर निवासी सुरेश ने बताया कि बड़े भाई सुभाष मौर्य सोमवार सुबह 11 बजे गांव के उत्तर में स्थित ठाकुरदास के ट्यूबवेल से अपने गुलाब के खेत में पानी लगाने के लिए गए थे। दोपहर करीब एक बजे उनकी पत्नी कमलेश खाना लेकर खेत पर पहुंचीं तो सुभाष गायब थे। अनहोनी की आशंका में उन्होंने परिजन को सूचना दी। इसके बाद परिजन ने आसपास के खेतों में देर शाम तक तलाश की लेकिन वह नहीं मिले।
मंगलवार सुबह फिर तलाश में निकले तो ट्यूबवेल के पास बने पुराने कुएं में भरे पानी में सुभाष का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सुरेश ने बताया कि सुभाष की किसी व्यक्ति से रंजिश नहीं थी, न ही कोई लेन-देन था। परिजन ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक, ट्यूबवेल का पानी पास बने पुराने कुएं में भर जाता है। ग्रामीणों ने हादसे की आशंका जताते हुए कुएं को ढकवाने की मांग की है। बीडीओ आलमपुर जाफराबाद ने बताया कि जय किशन ने बताया कि व्यक्तिगत कुआं है। इसके बाद भी इसको जल्द ही ढकवा दिया जाएगा।
नौ बच्चे और पत्नी हुईं बेहाल
सुभाष की मौत से पत्नी कमलेश और नौ बच्चे बेहाल हैं। एक बेटी विवाहित और आठ बच्चे अविवाहित हैं। सबसे छोटा बेटा ढाई साल का है। सुभाष के पास एक बीघा जमीन थी। उससे ही आय अर्जित कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
-
किसान के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - हेमंत उपाध्याय, सीओ आंवला