दिल्ली से अपने ससुर के तीजे में शामिल होने आए एक निजी चिकित्सक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव घर से कुछ दूर स्थित पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पोस्टमार्टम में आत्महत्या के संकेत मिले हैं।
रांची (झारखंड) के टूंडला गांव के रहने वाले अख्तर रजा वर्तमान में दिल्ली के छतरपुर इलाके में रहकर अपना निजी क्लीनिक चलाते थे। उनकी दो पत्नियां हैं जो दिल्ली में ही अलग-अलग घरों में रहती हैं। एक पत्नी से उनके पांच संतानें और दूसरी पत्नी से एक संतान है।
एक पत्नी छोटी का मायका बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सिसरका में है, यहां रहने वाले ससुर युनूस का कुछ दिन पहले इंतकाल हो गया था। सोमवार को हुए तीजा में शामिल होने के लिए अख्तर पत्नी छोटी व भाई नूरुल हसन के साथ आए थे। सोमवार देर रात लगभग एक बजे तक तीजे की रस्म अदायगी के बाद सभी लोग खाना खाकर सो गए।
मंगलवार तड़के चार बजे वह उठे और पत्नी से चाय बनाने को कहकर गाड़ी साफ करने की बात कहकर घर से बाहर निकल गए। लगभग एक घंटा बाद कुछ ही दूरी पर पेड़ पर उनकी लाश फंदे से लटकी मिली।
ग्रामीणों से लाश के बारे में सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। भाई नूरुल हसन घटना के पीछे वजह नहीं बता सके। सीओ बिसौली सर्वेंद्र सिंह ने बताया प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसके ही संकेत मिले।