मीरगंज। गांव गुगई स्थित तालाब में शनिवार शाम बिसौली के मोहल्ला कटरा निवासी नरेश का शव उतराता मिला। शव मिलने से मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से निकलवाया।
रामबेटी ने बताया कि बदायूं के बिसौली के मोहल्ला कटरा निवासी भाई नरेश रक्षाबंधन से एक दिन पहले गुगई आया था। तब वह बिसौली गई हुई थीं। नरेश घर में मौजूद परिजन को बिसौली वापस जाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन पहुंचा नहीं। शनिवार शाम उनका शव ग्रामीणों को तालाब में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी पहुंची। शव निकालकर शिनाख्त कराई गई। ग्रामीणों ने बताया कि नरेश शराब पीने का आदी था। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। उसको पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने अब तक शिकायत नहीं की है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।