नवाबगंज/फरीदपुर/मीरगंज। ब्लाॅक आलमपुर जाफराबाद की ग्राम पंचायत खेड़ा व ताजपुर नवदिया में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों में अनियमितता के आरोप में ग्राम प्रधान, सचिव, तकनीकी सहायक और रोजगार सेवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के विरोध में शुक्रवार को जिलेभर में प्रदर्शन किया गया। ग्राम प्रधानों और सचिवों ने कई ब्लॉक कार्यालयों में ताले जड़ दिए। दिनभर कार्य बहिष्कार करने के साथ ही सभी जगह ज्ञापन भी सौंपे गए।
नवाबगंज और भदपुरा ब्लॉक कार्यालय में ताला जड़ने के बाद प्रदर्शनकारी बाहर ही धरने पर बैठ गए। प्रशासन की कार्रवाई को गलत बताते हुए मुकदमा वापस लेने की मांग की। लाल बहादुर गंगवार, द्वारिका प्रसाद, प्रेमशंकर गंगवार, हरनरायन आदि ने कहा कि जब तक मुकदमा वापस नहीं लिया जाता है प्रदर्शन जारी रहेगा। फरीदपुर और कुआंडांडा में प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। भारतीय प्रधान संगठन के अध्यक्ष ओमवीर गुर्जर ने कहा कि अगर प्रशासन सुनवाई नहीं करता है तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
भोजीपुरा प्रधान संघ अध्यक्ष कुलवंत सिंह की अध्यक्षता में भोजीपुरा में प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन बीडीओ भोजीपुरा को सौंपा। मीरगंज ब्लाॅक परिसर में प्रधान संघ अध्यक्ष सोनू कुर्मी के नेतृत्व में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मिट्टी के काम बरसात से पहले कराया गया। बारिश के दौरान मिट्टी बह गई। इसके बाद सत्यापन कराकर गलत तरीके से रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
शेरगढ़ में भी प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। प्रभारी खंड विकास अधिकारी राजीव शर्मा के आश्वासन के बाद ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शनकारी घरों की ओर रवाना हुए। विकासखंड आलमपुर जाफराबाद में ग्राम प्रधान, सचिव, रोजगार सेवक और पंचायत सहायक दूसरे दिन भी धरने पर बैठे रहे। रामनगर ब्लॉक में राजकुमार यादव, करन सिंह, ओंकार वर्मा, राजेश यादव आदि ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद में भी तालाबंदी करके प्रदर्शन किया गया।
मझगवां में आज से कार्य बहिष्कार
बिशारतगंज। मझगवां ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को देकर मुकदमा खत्म कराने के लिए कहा। ऐसा न होने पर शनिवार से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी गई। विनोद मौर्य, संजू शर्मा, गंगासहाय, सर्वेश लोधी, शंकर लाल आदि मौजूद रहे। संवाद