ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राशिद अनवर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए उनको दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सबक सीखने की नसीहत दे डाली। बीईओ ने शिक्षकों के एक व्हाट्सएप ग्रुप में मेसेज करने के साथ इस संबंध में वीडियो भी पोस्ट कर दिया। इससे भाजपाइयों में रोष है।
बीईओ राशिद अनवर की इस्लामनगर ब्लॉक में करीब एक साल से तैनाती है। शिक्षकों के एक ग्रुप से भी वह जुड़े हुए हैं। लोगों का कहना है कि इस ग्रुप में वह अक्सर केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए पोस्ट करते हैं। इस बार उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पोस्ट किया है। एक वीडियो भी डाला है। पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने दिवंगत शिक्षकों के आश्रितों को अध्यापक पद पर समायोजित करने की घोषणा की है।
उत्तर प्रदेश में तो एमए, बीएड उत्तीर्ण आश्रितों को भी चपरासी बनाया जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की शिक्षकों के प्रति भाजपा, सादगी, व्यवहार और संवेदनशीलता सराहनीय है। अगर केजरीवाल की तरह के मुख्यमंत्री हर प्रदेश में हो जाएं तो निश्चित ही शिक्षकों का खोया हुआ सम्मान वापस मिल जाएगा।
बीईओ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नसीहत देते हुए केजरीवाल से सबक सीखने की बात कही है। इस मेसेज के बारे में जब भाजपाइयों को पता लगा तो उनमें रोष दौड़ गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव पहलवान का कहना है कि बीईओ सरकार की छवि खराब करना चाहते हैं। उनके खिलाफ इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। इधर बीईओ से इस संबंध में बात करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनका मोबाइल स्विच ऑफ जा रहा है।
बीईओ की ओर से की गई पोस्ट के मामले में जानकारी मिली है। इसमें जांच कराई जाएगी। फिर कुछ कहा जा सकता है।
- जयप्रकाश, प्रभारी बीएसए
बीईओ ने व्हाट्सएप ग्रुप में सरकार पर कटाक्ष करते हुए मैसेज किया है। इस संबंध में शिकायत आई है। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है जो निर्देश मिलते हैं उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- अनिरुद्ध सिंह, सीओ, बिल्सी