बरेली। एसएसपी ने कहा कि बरेली यूपी के संवेदनशील जिलों में शामिल है। यहां शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। किसी भी खुराफाती को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पर हमला गंभीर अपराध है, लेकिन तालमेल की कमी से भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। कम्युनिटी पुलिसिंग से तालमेल बनाने की कोशिश की जाएगी। दिल्ली पुलिस के सवाल पर उन्होंने क हा कि वहां तमाम सुुविधाएं हैं। इसलिए उससे यूपी पुलिस का कोई मुकाबला नहीं है। यहां तो सीमित संसाधनों में ही काम करना होता है्। उन्होंने कहा कि नेता सत्ता पक्ष के हों या विपक्ष के उनकी जायज बात सुनने में उन्हें कभी कोई परेशानी नहीं होगी, लेकिन ज्यादा दखल बर्दाश्त नहीं होगा। कानून का पालन कराने के लिए पुलिस अपना काम करेगी।
कंट्रोल रूम देखा बड़ी घटनाओं के बारे में ली जानकारी
बरेली। एसएसपी आरके भारद्वाज ने दो चरण में पुलिस क्षेत्राधिकारियों की बैठक करके पुराने मामलों का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। मीटिंग के बाद वह कंट्रोल रूम पहुंच गए। वहां उन्होंने कुछ और व्यवस्थाएं सुधारने को कहा।
पुलिस ऑफिस में एसएसपी ने नकटिया के डॉक्टर बाल किशन की कोठी में हुई डकैती, आईवीआरआई के प्रधान वैज्ञानिक दीपक शर्मा की हत्या, गार्डन सिटी के डबल मर्डर और डकैती की घटना का खुलासा करने में अब तक हुए प्रयासों के बारे में जानकारी करके टीमें फिर से लगाने को कहा। बैठक के बाद एसएसपी कंट्रोल रूम पहुंच गए। वहां उन्होंने खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द सही कराने के निर्देश दिए।