नगर निगम में स्थानीय निकाय निर्वाचन की ड्यूटी बदले जाने से नाराज बाबू बीएलओ की ड्यूटी का रजिस्टर फाड़ने के बाद उसे लेकर दफ्तर से भाग गया। इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसीएम द्वितीय और सिटी मजिस्ट्रेट समेत तमाम अफसर नगर निगम पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने बाबू पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। अपर नगर आयुक्त ने बाबू के निलंबन की संस्तुति की है। दूसरी ओर बीएलओ का ठीक से काम न होने के कारण डीएम ने नाराजगी जताई है।
नगर निगम के जलकल विभाग का बाबू विनोद शर्मा की ड्यूटी स्थानीय निकाय निर्वाचन में जोन दो में लगाई गई थी। बाबू को बीएलओ की ड्यूटी लगानी थी ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण में नाम जोड़े घटाए जा सकें। बाबू ने आधे बीएलओ की ड्यूटी भी नहीं लगाई और न ही उनको ड्यूटी पत्र वितरित किए। बीएलओ की सूची में उनके मोबाइल नंबर कंप्यूटर पर गलत टाइप कर दिए गए। इससे बीएलओ सुपरवाइजरों को ढूंढते रहे और सुपरवाइजर बीएलओ को। इस कारण दर्जनों बीएलओ ने पुनरीक्षित मतदाता सूचियां तैयार नहीं कीं। बुधवार को एसीएम सेकेंड मनीष कुमार नाहर ने बाबू विनोद शर्मा को बुलाकर लापरवाही की वजह पूछी तो लिपिक कोई जवाब नहीं दे सका। इस पर अपर नगर आयुक्त (सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निकाय ) ईश शक्ति कुमार सिंह ने लिपिक को चार्ज से हटा दिया। उसकी जगह शिक्षा लिपिक मोहर सिंह को चार्ज मिला। मोहर सिंह जब लिपिक से चार्ज लेने दफ्तर में गया तो दोनों में झगड़ा हो गया। छीनाझपटी में बीएलओ की ड्यूटी का रजिस्टर फट गया। आधा रजिस्टर मोहर सिंह के हाथ में रह गया और आधा लिपिक विनोद शर्मा लेकर भाग गया। सिटी मजिस्ट्रेट उमेश कुमार मंगला और एसीएम टू मनीष नाहर नगर निगम पहुंचे। मोबाइल से संपर्क करने पर बाबू का मोबाइल स्विच ऑफ निकला। सिटी मजिस्ट्रेट ने बाबू पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त ने बाबू को जलकल विभाग से निलंबित करने की संस्तुति की है।
बाबू ने आधा रजिस्टर फाड़ दिया था। जो हिस्सा उसके हाथ में था वह उसे लेकर भाग गया है। उसके निलंबन की संस्तुति की गई है। चार्ज दूसरे बाबू को दे दिया गया है।
-ईश शक्ति कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त