खाली सिलिंडर और 15 सौ रुपये लाना दिलवा देंगे
सतीपुर चौराहा पर ठेले पर घरेलू सिलिंडर से पकौड़ी, समोसा, चाय, छोला-कुल्चा आदि बनाया जा रहा था। सिलिंडर कहां से मिले, पूछने पर बताया कि एक गैस गोदाम पर शाम को सिलिंडर मिल जाते हैं। अगर चाहिए तो शाम को 15 सौ रुपये लेकर आना। अभी जांच चल रही है, इसलिए दोपहर में खुलेआम कोई सौदा नहीं होगा। हम साथ चलकर दिलवा देंगे। बताया कि सिलिंडर अब दो सौ रुपये किलो में भर रहे हैं।
घर में बने जनरल स्टोर में रखे कॉमर्शियल सिलिंडर
नवादा से सतीपुर रोड की ओर एक जनरल स्टोर के बाहर सिलिंडर लदा वाहन खड़ा था। दुकान से खाली कॉमर्शियल सिलिंडर निकालकर एक व्यक्ति ने वाहन में रखा और भरे हुए तीन सिलिंडर लिए। यह स्थिति तब है, जब कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति ठप है। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि फास्ट फूड विक्रेता यहां आकर गैस रिफिल कराते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि एलपीजी सिलिंडरों की जमाखोरी और ओवर रेटिंग पर नियंत्रण के लिए टीमें निगरानी कर रही हैं। किसी घर या दुकान में अगर अवैध रिफिलिंग हो रही है तो जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।