बरेली। सुभाषनगर के एक डेयरी संचालक ने दूध के कारोबार के साथ-साथ घरेलू एलपीजी की भी ब्लैक मार्केटिंग शुरू कर दी। गैस एजेंसियों के हॉकर से साठगांठ के बाद भरे हुए एलपीजी सिलिंडर से गैस चोरी कर उसकी ब्लैक की जाने लगी है। दुर्घटना के डर से मोहल्ले वालों ने शिकायत भी की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मोहल्ले वाले शनिवार को खुद डेयरी में घुस गए और सिलिंडरों का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। डेयरी में उन्हें करीब 25 एलपीजी सिलिंडर मिले, जिनमें कई भरे हुए भी थे।
सुभाषनगर क्षेत्र की राजीव कॉलोनी स्थित एक डेयरी में शनिवार सुबह मोहल्ले के कुछ लोग घुस कर हंगामा करने लगे। उनका आरोप था कि डेयरी संचालक गैस एजेंसियों से साठगांठ कर एलपीजी सिलिंडर की ब्लैक करता है। कई एजेंसियों के हॉकर वहां भरे सिलिंडर लेकर आते हैं। उनमें से गैस चुराकर खाली सिलिंडरों में भरकर उन्हें ब्लैक किया जाता है। उन्होंने बताया कि कई बार वह इसकी शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। इसके चलते हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। कार्रवाई न होने पर परेशान मोहल्ले वाले शनिवार को खुद इकट्ठा होकर डेयरी में घुस गए और वहां हंगामा करने लगे। इस बीच एक ने डेयरी की वीडियो बनाकर वायरल कर दी।
इस पर डेयरी संचालक उन लोगों से अभद्रता भी करने लगा। विवाद बढ़ा तो वहां मौजूद दो हॉकर भाग निकले। मोहल्ले वालों को वहां एक कमरे में करीब 25 सिलिंडर रखे मिले। इनमें आधे से ज्यादा भरे हुए थे। एक मोहल्ले वाले ने बताया कि उन्होंने पुलिस को सूचना देनी चाही लेकिन फोन नहीं लगा। इंस्पेक्टर हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। अगर कोई शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कभी भी हो सकता है बड़ा धमाका
डेयरी में बिना सुरक्षा के रखे भरे हुए एलपीजी सिलिंडर से कभी भी बड़ा धमाका हो सकता है। इतनी बड़ी मात्रा में रखे गैस सिलिंडरों में अगर विस्फोट हुआ तो आसपास के कई मकान भी उसकी जद में आ जाएंगे।