बरेली। पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने कहा कि भाजपा देश को भेदभाव, जाति व धर्म में उलझाकर अपने पूंजीपति मित्रों को आगे बढ़ाना चाहती है। भाजपा जब से सत्ता में आई है, तब से भारत की गंगा-जमुनी तहजीब धूमिल हुई है। वह शनिवार को सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
संसद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहब पर की गई टिप्पणी के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन देने कलक्ट्रेट जा रहे सपाइयों पर पुलिस का पहरा रहा। सपा कार्यालय को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया, ताकि जुलूस न निकल सके। लिहाजा, पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप की अध्यक्षता में हुई सभा में पदाधिकारियों ने आक्रोश जताया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने गृहमंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। राष्ट्रीय सचिव वीरपाल सिंह यादव, बहेड़ी विधायक अता उर रहमान ने भी भाजपा पर तंज कसे। अमर उजाला ब्यूराे