एक घर में दो कनेक्शन का मामला उठा
मीरगंज के जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी ने सदन में मुद्दा उठाया कि उनके क्षेत्र में कई घरों में दो कनेक्शन दे दिए गए हैं। नंदगांव में मां के नाम अलग व बेटे के नाम अलग कनेक्शन दे दिया है। जो गरीब बल्ब जलाते हैं उनके घरों में बिजली का बिल बढ़कर नौ हजार रुपये तक आ रहे हैं। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल ट्रॉली से टायर गायब है। सांसद के निर्देश पर चीफ अभियंता ज्ञान प्रकाश ने क्षेत्र में पांच अप्रैल को शिविर लगाने को कहा।
सांसद छत्रपाल गंगवार के प्रतिनिधि नरेंद्र गंगवार ने भोजीपुरा के जेई पर आरोप लगाया। कहा कि जब एक पीड़ित ने फोन करके कहा कि सांसद से बात कर लीजिए तो उन्होंने फोन पर बात करने से मना कर दिया। यह क्या बात होती है। उनको प्रोटोकॉल का तनिक भी ख्याल नहीं है। इस पर मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने उनको कार्यालय में तलब करने का निर्देश दिया।
चुनावी वर्ष में जनता महंगाई व बिजली रखती है याद
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने बिजली विभाग के अधिकारियों को कहा कि यह चुनावी वर्ष है। इसमें जनता बिजली व महंगाई को ही याद रखती है। जनता का तापमान सहीं रखेंगे तो सब ठीक रहेगा। यहीं योगी व मोदी सरकार कहती है कि विद्युत सप्लाई ठीक रखोगे तो सब ठीक रहेगा।