बरेली। फरीदपुर के गांव इनायतपुर के प्रधान प्रताप सिंह ने विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल के इशारे पर इंस्पेक्टर पर हवालात में बंद करके प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
सपा नेताओं के साथ एडीजी राजकुमार से शिकायत करने पहुंचे प्रताप सिंह ने कहा कि 11 जून की शाम वह एक दुकान पर चाय पी रहे थे। तभी विधायक के साथ वहां पहुंचे इंस्पेक्टर फरीदपुर ने उन्हें ले जाकर हवालात में बंद कर दिया। परिजन की सूचना पर पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने एसपी देहात से बात करके उन्हें छुड़वाया। आरोप लगाया कि विधायक ग्राम पंचायत के विकास कार्य कई गुना कीमत पर अपने ठेकेदार से कराने का दबाव बना रहे हैं। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, जिला महासचिव योगेश यादव, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, गजेंद्र कुर्मी आदि मौजूद रहे।
उनके साथ ही पहुंचे बरेली कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं सपा नेता अनुराग सिंह नीटू ने कहा कि गौरव गुप्ता ने उनके खिलाफ थाना बारादरी में रुपये हड़पने की फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में उन्होंने एडीजी को सबूत भी सौंपे। पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरोत्तम दास मुन्ना पर फर्जी रिपोर्ट लिखाने की शिकायत की। एडीजी ने एसएसपी से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इनायतपुर क्षेत्र की एक लड़की के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई तो वह रोते हुए मेरे कार्यालय पहुंची। मैंने रिपोर्ट लिखवा दी। इस मामले में प्रधान भी साजिशकर्ता था। इसी मामले में पुलिस ने उसे बंद किया होगा। मैं बंद कराने वाला कौन होता हूं। प्रधान फर्जी शिकायत कर रहा है। - प्रो. श्याम बिहारी लाल, विधायक फरीदपुर