उत्तर प्रदेश के जैतीपुर के एक प्राथमिक विद्यालय में स्वेटर वितरण करने पहुंचे भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह ने एक शिक्षक को जींस पैंट पहनने पर हिदायत दे डाली। कहा कि शिक्षक की गरिमा का ध्यान रखें। सामान्य कपड़े पहनकर आएं। इसके बाद जींस पहने शिक्षक खुद को विधायक की नजरों से बचाते रहे।
जैतीपुर इलाके के प्राथमिक विद्यालय बझेड़ा भगवानपुर में बुधवार को बच्चों के लिए नि:शुल्क स्वेटर और परीक्षाफल वितरण का कार्यक्रम रखा गया था। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकरी अनुज सक्सेना भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक वीर विक्रम सिंह को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। उन्हें बैज लगाने पहुंचे एक शिक्षक जींस पहने हुए थे।
उन्हें देखकर विधायक को गुस्सा आ गया। हालांकि उन्होंने ज्यादा कुछ तो नहीं कहा, लेकिन सीख देते हुए नाराजगी जता दी। विधायक ने कहा कि आप एक अध्यापक हैं, इसलिए अध्यापक वाले कपड़े पहनें। आप जो करेंगे उसका असर बच्चों पर पड़ेगा। कार्यक्रम के दौरान आदेश सिंह तोमर, योगेश देशवाल, अनवर सादात खान, भुवनेश गुप्ता, सूरजपाल आदि मौजूद रहे।