भाजपा विधायक ने दर्ज कराई एफआईआर
- फोटो : अमर उजाला
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। मीरानपुर कटरा सीट से भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने वेब सीरीज तांडव के निर्माता/निर्देशक अली अब्बास जफर, अभिनेता सैफ अली खान और जीशान अयूब के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। विधायक का आरोप है कि वेब सीरीज में हिन्दू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाया गया है। इससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस लगी है।
सोमवार शाम विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस अपने समर्थकों के साथ मीरानपुर कटरा थाने पहुंचे और थाना प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान को तहरीर दी। इसमें उन्होंने कहा है कि वेब सीरीज ‘तांडव’ में हिन्दुओं के देवताओं पर टिप्पणी की गई है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए अश्लील दृश्य दिखाए गए हैं। यह हिंदू जनमानस को अपमानित करने एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने की सोची समझी साजिश है।
विधायक की तहरीर के बाद ‘तांडव’ वेब सीरीज के निर्माता/निर्देशक अली अब्बास जफर, अभिनेता सैफ अली खान और जीशान अयूब के खिलाफ थाने में आईपीसी 153-ए, 153-बी, 120-बी, 295, 295-ए, 500, 121-ए, 124-ए के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।