अब नवाबगंज की निर्वाचित चेयरपर्सन शहला ताहिर के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर जंग शुरू हो गई है। बुधवार को आईजी एसके भगत से मिले भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र सिंह राठौर ने मांग की कि शहला ताहिर के खिलाफ पीलीभीत की अदालत से गैर जमानती वारंट जारी हुआ है, जिसके निस्तारण के बाद ही उन्हें शपथ ग्रहण कराई जाए। आईजी ने एसएसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आईजी को दिए प्रार्थनापत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा है कि पीलीभीत के एक मुकदमे में शहला ताहिर वर्ष 2004 से वांछित हैं। दो जनवरी को कोर्ट ने उनका गैर जमानती वारंट भी जारी किया है। नवाबगंज में भी उन पर मुकदमा दर्ज है, जिसके चलते शपथग्रहण नहीं हो पाया था। उन्होंने मांग की कि पीलीभीत से जारी गैर जमानती वारंट का निस्तारण होने के बाद ही शहला ताहिर का शपथग्रहण कराया जाए। उन्होंने शहला ताहिर के जुलूस में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने के आरोप में भी उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। राठौर के साथ उनके भाई नीरेंद्र राठौर भी मौजूद रहे। आईजी ने एसएसपी जोगेंद्र कुमार को मामले में जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मामले में जब शहला ताहिर का पक्ष जानने के लिए उनसे बात की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
बॉक्स
अब धमकियों का ऑडियो वायरल
नवाबगंज।
विजय जुलूस में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारों वाला वीडियो वायरल होने के बाद अब एक धमकाने वाला ऑडियो वायरल हुआ है। इसे शहला ताहिर के पति डॉ. ताहिर का ऑडियो बताया जा रहा है।
वायरल ऑडियो को शहला ताहिर के आवास के सामने हुई डॉ. ताहिर की जनसभा का बताया गया है। इसमें डॉ. ताहिर द्वारा खानदान के ही एक युवक को दलाल बताते हुए देख लेने की धमकी दी गई है। कुरैशी समुदाय के एक प्रतिद्वंद्वी को भी धमकियां दी गई हैं और उनके बारातघर को गिराने व बुकिंग न करने के लिए भड़काया जा रहा है। ऑडियो में एक विशेष बिरादरी के लोगों के प्रति अमर्यादित टिप्पणी भी की गई हैं। भाजपाइयों ने इस ऑडियो को पार्टी के उच्च पदाधिकारियों व मुख्यमंत्री को भेजकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में शहला ताहिर ने कहा कि यह हमारी जाति-बिरादरी और मतदाताओं का मामला है, इससे भाजपाइयों को कोई मतलब नहीं है। अगर प्रशासन हमसे जवाब मांगेगा तो हम जवाब दे देंगे।