बरेली। कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर में घर के सामने कूड़ा डालने को लेकर कहासुनी के बाद भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष नीरज रस्तोगी के भाई संजीव रस्तोगी ने सराफा व्यापारी रजत रस्तोगी पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली बीच-बचाव करने आए पड़ोसी राजीव रस्तोगी के बाएं हाथ में लगी। इसके बाद आरोपी भाग निकला। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बिहारीपुर चौकी क्षेत्र के ख्वाजा कुतुब इलाके में कई सराफा परिवार घनी आबादी में रहते हैं। भाजपा के कालीबाड़ी मंडल उपाध्यक्ष नीरज रस्तोगी, उनके भाई संजीव उर्फ बॉबी रस्तोगी के घर के सामने ही सराफ रजत रस्तोगी का घर है। दोपहर एक बजे ये इलाका फायर की आवाज से गूंज उठा तो कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
रजत रस्तोगी ने कोतवाल अमित पांडेय को बताया कि बॉबी व उसके परिवार के लोग अक्सर घर का कूड़ा उनके दरवाजे के सामने डाल देते हैं। मंगलवार को उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बॉबी घर के अंदर से तमंचा लेकर बाहर आया और उसके ऊपर फायर कर दिया।
रजत ने बताया कि विवाद के दौरान आसपास के लोग शोर सुनकर बीचबचाव कराने मौके पर आ चुके थे। फायर से रजत तो बच गए लेकिन गोली पड़ोसी राजीव रस्तोगी के बाएं हाथ में लगकर पार निकल गई। पड़ोसियों को अपनी ओर बढ़ता देखकर बॉबी तमंचा लेकर भाग निकला। परिजनों के साथ पड़ोसी घायल राजीव को तुरंत जिला अस्पताल लाए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद देर शाम उन्हें छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत खतरे से बाहर है। ब्यूरो