बरेली/सीबीगंज। मिलेट्री इंटेलीजेंस, एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को सीबीगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित भाजपा नेता मुकेश देवल के जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। वहां से 27 जाली आधार कार्ड, हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के अंकपत्र, एक पैनकार्ड, एक मतदाता पहचानपत्र, अधिकारियों-जनप्रतिनिधियों की छह मोहरें, दो लैपटॉप, दो प्रिंटर, दो माउस, वेब कैमरा और थंब स्कैनर आदि सामान बरामद हुए। भाजपा नेता और उसका भाई मौके से भाग गए।
इंस्पेक्टर सुरेश गौतम ने बताया कि भाजपा का मंडल महामंत्री मुकेश देवल और उसका भाई दीपक देवल अपने घर के अलग-अलग कमरों में जनसेवा केंद्र चलाते थे। लंबे समय से वहां जाली प्रमाणपत्र बनाने का धंधा चल रहा था। दोनों भाइयों ने बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक सीबीगंज शाखा समेत अन्य स्थानों पर भी आधार कार्ड बनाने का काम ले रखा है।
बताया कि मिलेट्री इंटेलीजेंस को इनपुट मिला कि भाजपा नेता के जनसेवा केंद्र पर जाली आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र बनाने का धंधा चल रहा है। इन प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल सेना और रेलवे की भर्तियों में किया जा रहा है।
इस इनपुट के आधार पर बुधवार शाम संयुक्त टीम ने भाजपा नेता के जनसेवा केंद्र पर छापा मारा तो फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हो गया। लैपटॉप की पड़ताल में जाली दस्तावेजों का जखीरा बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद