शाहजहांपुर में मोमोज में पनीर न होने पर मंगलवार रात भाजपा नेता के बेटे ने साथियों के साथ रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों की जमकर पिटाई की। रेस्टोरेंट में रखा सामान तोड़ डाला। घटना के बाद से रेस्टोरेंट वाले दहशत में हैं।
बुधवार को दुकान भी नहीं खोली। मामला सत्ताधारी दल के नेता का है। इसलिए पुलिस भी कार्रवाई से बचती रही। मारपीट करने के मुख्य आरोपी के पिता ही नहीं, भाई भी भाजपा नेता हैं। मंगलवार रात सदर कोतवाली से चंद कदम दूर टाउनहॉल स्थित रेस्टोरेंट पर वह अपने दो साथियों के संग कार से पहुंचा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह गाड़ी में बैठा रहा। उसके एक साथी ने रेस्टोरेंट से मोमोज खरीदे और तीनों गाड़ी में बैठकर खाने लगे। मोमोज में पनीर नहीं था। इसकी शिकायत पर रेस्टोरेंट मालिक ने कह दिया कि पनीर नहीं हो तो आप पैसे मत देना। यही बात आरोपी को बुरी लग गई।
उसने साथियों के साथ रेस्टोरेंट मालिक को पीटना शुरू कर दिया। रेस्टोरेंट में रखी टेबल, कुर्सी सब तोड़ डाले। इसके बाद धमकी देकर चले गए। हालांकि घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। बुधवार को वीडियो वायरल हुआ तो खलबली मच गई। बता दें कि आरोपी कई महीने दुष्कर्म के आरोप में जेल गया था। उस पर पॉस्को एक्ट भी लगा था। विगत दिनों जेल से छूटकर आया है।