अनीस बोले- मदद करना गुनाह हो गया
आशियाना कॉलोनी निवासी भाजपा नेता अनीस अंसारी ने अमर उजाला से बातचीत के दौरान सफाई दी है कि महिला उनकी पार्टी से जुड़ी है। गरीबी की वजह से उन्होंने उसकी आर्थिक मदद की। उसे पार्टी में भी जिम्मेदारी दी। अब वह अपने साथियों से मिलकर उनसे वसूली की कोशिश कर रही है। आवाज उनकी नहीं है बल्कि एआई तकनीक से हूबहू तैयार की गई है।
Bareilly News: भाजपा नेता अनीस अंसारी की अश्लील कॉल रिकार्डिंग वायरल, करीबियों ने महिला को धमकाया
फर्जी पत्रकार भी गिरोह में
अनीस ने बताया कि 10 अक्तूबर को महिला पर पहली रिपोर्ट कराई थी। तीन दिन पहले उनके मोबाइल फोन पर एक वीडियो भेजा गया। धमकी दी गई थी कि यह वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। बताए स्थान पर वह छह नवंबर को दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक रेस्टोरेंट के सामने पहुंचे। यहां दो कथित पत्रकार मिले। उन्होंने अपना नाम आशीष मैसी और डॉ. सैय्यद शाहबुद्दीन बताया। धमकी दी कि वह एनजीओ को 3.50 लाख रुपये दें। तब उन्होंने बुधवार को दूसरी एफआईआर दर्ज कराई।
कॉल रिकॉर्डिंग में डॉक्टर को फंसाने का जिक्र
दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अनीस अंसारी और महिला की बातचीत की कई ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इनमें दोनों के बीच अश्लील बातें हो रही हैं। एक रिकॉर्डिंग में एक डॉक्टर को झूठे केस में फंसाकर बदला लेने और रुपये लेने की बात की जा रही है।
बैकफुट पर आए अनीस अंसारी ने छोड़ी जिम्मेदारी
अश्लील बातों से भरी दर्जनों कॉल रिकार्डिंग वायरल होने के बाद अनीस अंसारी बैकफुट पर आ गए हैं। पार्टी में उच्च स्तर से मामले की मॉनीटरिंग शुरू होने के बाद अनीस ने शुक्रवार शाम पार्टी कार्यालय पर जाकर महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना को पत्र सौंपा।
उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से अल्पसंख्यक मोर्चा में महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देख रहे हैं। अब जब उन पर आरोप लग रहे हैं तो वह इनकी सच्चाई सामने आने तक पद पर रहना नहीं चाहते, उन्हें पदमुक्त कर दिया जाए। अधीर सक्सेना ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व से बात करके निर्णय लिया जाएगा।