प्रधानों को शपथ दिलाते भाजपा नेता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
गांव वालों ने वायरल किया वीडियो, अफसरों ने दी कार्रवाई की चेतावनी
नवाबगंज। ग्राम पंचायत बरौर में भाजपा मीडिया सेल के जिला सह प्रभारी ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान और सदस्यों को शपथ दिला दी। गांव के कुछ लोगों के इस घटनाक्रम का वीडियो बनाकर वायरल करने के बाद अफसर इस मामले में कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
मंगलवार को ग्राम पंचायत बरौर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में नव निर्वाचित प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों का वर्चुअल शपथ ग्रहण होना था। गांव वालों के मुताबिक ग्राम प्रधान और सदस्यों के शपथ लेने से पहले ही नेटवर्क टूट गया। असमंजस में घिरे ग्राम प्रधान और सदस्य शपथ लेने के लिए खड़े रहे। बताया जाता है कि इसी बीच भाजपा मीडिया सेल के जिला सह प्रभारी रिंकू अवस्थी वहां पहुंच गए और उन्होंने ग्राम प्रधान कमलेश कुमारी और सभी 13 ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिला दी। ग्रामीणों ने इस शपथ ग्रहण का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अब अफसर इस मामले में कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
मैने ग्राम प्रधान और सदस्यों को शपथ लेने का सिर्फ डेमो कराया था। उन्हें शपथ ग्रहण नहीं कराई। किसी ने डेमो का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है लेकिन आरोप निराधार है। - रिंकू अवस्थी, भाजपा मीडिया सेल के जिला सह प्रभारी
इंटरनेट के जूम ऐप से ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई गई है। किसी भाजपा नेता के शपथ ग्रहण कराने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो गलत है। मामले की जांच कराई जाएगी यदि कोई दोषी मिला तो कार्रवाई की जाएगी।- चंद्र मोहन कनोजिया, बीडीओ नवाबगंज