बरेली। विकास के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय भाजपा लोगों को सांप्रदायिक मामलों में उलझा रही है। सरकार हर मोर्चे पर फेल है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा। सरकारी कर्मचारी भी परेशान हैं। रविवार को कमजोर सीटों की समीक्षा के लिए आए मीरगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी व संभल के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खान ने ये बातें कहीं।
मीरगंज के एक गेस्ट हाउस में उन्होंने जोन व सेक्टर प्रभारियों को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए कहा। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को बूथ स्तर पर पीडीए पंचायतों के आयोजन की सलाह दी। कहा कि सपा की सरकार बनेगी, तभी संविधान की रक्षा होगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से उन्होंने बंद कमरे में मुृलाकात भी की। जिला उपाध्यक्ष मनोहर पटेल, हाजी गुड्डू, शराफ़त यार खां, साधना लोधी, सुरेश गंगवार, राम बहादुर लोधी, भद्रसेन गंगवार ने दावेदारी की है। जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने भी पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में सेक्टर व बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों के नहीं आने पर प्रभारी ने सवाल उठाया। चिंता जताई कि कहीं कमेटियां कागजी तो नहीं। जिम्मेदारों को इसमें सुधार की नसीहत दी। ब्यूरो