सामाजिक दूरी भूल एक दूसरे के निकट खड़े लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
महिला सीएमएस ने टोका फिर भी नहीं माने
बरेली। स्वास्थ्य राज्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान भाजपाइयों ने उनसे नजदीकी दिखाने के चक्कर में सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ा दीं। जब-जब मीडिया के कैमरों की फ्लैश चमकी, वे उनसे और ज्यादा सटे नजर आए। महिला अस्पताल की सीएमएस ने नाराजगी जताते हुए भाजपाइयों को टोका भी लेकिन फिर भी उन्होंने परवाह नहीं की।
राज्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान उनके साथ भाजपा नेताओं का अच्छा-खासा रेला भी जिला अस्पताल पहुंचा था। मीडिया के लोगों के सामने फोटो में मंत्री के साथ नजर आने के लिए वे उनसे लगातार काफी करीब होकर चल रहे थे। कई बार तो भीड़भाड़ का माहौल नजर आया तो महिला अस्पताल की प्रभारी सीएमएस डॉ. शशि गुप्ता ने इस पर नाराजगी भी जाहिर की। मगर भाजपाई फिर भी लगातार मंत्री के पीछे-पीछे चलते रहे। निरीक्षण के दौरान नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार, महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा समेत कई भाजपाई मौजूद रहे।
एनआरसी, महिला अस्पताल में बेहतर मिली व्यवस्था
राज्यमंत्री वार्डों के बाद एनआरसी पहुंचे। वहां व्यवस्थाएं बेहतर मिलीं तो कुछ सामान्य हुए। महिला अस्पताल में ओपीडी, स्टाफ केबिन और वार्ड का निरीक्षण किया। वार्ड के बाहर भर्ती महिलाओं के तीमारदार बगैर मास्क लगाए बैठे थे। मंत्री को देखकर स्टाफ ने उन्हें मास्क लगाने को कहा। राज्यमंत्री ने वार्ड में सफाई और बेहतर इलाज की जानकारी मिलने पर संतोष जताया। हॉस्पिटल मैनेजर के काम की भी तारीफ की। प्रभारी सीएमएस डॉ. शशि से पूछताछ करने के बाद प्रसूताओं को सौ-सौ रुपए दिए और उन्हें मातृ वंदन योजना की जानकारी दी। दूसरी ओर अस्पताल में जगह-जगह पान की पीक मिटाने का भी सिलसिला जारी रहा।