बरेली। भाजपा ने रविंद्र राठौर को बरेली जिलाध्यक्ष और उमेश कठेरिया को महानगर अध्यक्ष घोषित कर दिया है। सोमवार देर शाम मनोनयन की सूचना मिलने के बाद उमेश ने सबसे पहले कालीबाड़ी पहुंचने के बाद पैर छूकर विधायक का आशीर्वाद लिया। उमेश की ताजपोशी में कैंट विधायक राजेश अग्रवाल गुट की अहम भूमिका रही।
जिलाध्यक्ष के लिए रविंद्र राठौर की ताजपोशी पहले से ही तय मानी जा रही थी। वजह यह थी कि वह पार्टी के पुराने और वरिष्ठ नेताओं में हैं और जिले के दोनों गुटों में से किसी एक गुट का उन्हें नहीं माना जाता है हालांकि चुनाव के दौरान नामांकन के लिए नवाबगंज विधानसभा से होने के बावजूद उनको बहेड़ी क्षेत्र के प्रस्तावक जुटाने पड़े। केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री संतोष गंगवार के साले वीरेंद्र गंगवार वीरू भी जिलाध्यक्ष के दावेदार थे। उन पर प्रस्तावकों को अपने कब्जे में करने का आरोप चुनाव अधिकारी के समक्ष दूसरे दावेदारों ने लगाया था। पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी हाईकमान के पास जिलाध्यक्ष के लिए तीन नामों का पैनल भेजा गया था, जिसमें राठौर के अलावा प्रशांत पटेल और महेश तिवारी के नाम थे रविंद्र वह दो बार नवाबगंज नगर पालिका के चेयरमैन रहे हैं। सपा की नेत्री शहला ताहिर से उनकी दुश्मनी किसी से छुपी नहीं है। पिछले पालिका चुनाव में राठौर ने खुलकर शहला से मोर्चा लिया था। आरोप लगा कि सत्ता पक्ष ने खुलकर सपा प्रत्याशी का साथ दिया। नए महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया युवा चेहरा हैं। वह महानगर कमेटी में महामंत्री रह चुके हैं और क्षेत्रीय कमेटी में मंत्री हैं।
इंसेट...
बोले नए अध्यक्ष
पार्टी ने जिस विश्वास से जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन भलीभांति करेंगे। मिशन 2017 को ध्यान में रखकर संगठन को आगे बढ़ाएंगे। पुराने कार्यकर्ताओं को पूरी सम्मान मिलेगा।
-रविंद्र राठौर
युवा चेहरों को आगे बढ़ाएंगे। सभी वर्गों को साथ लेकर वरिष्ठ नेताओं के राय मशविरा से संगठन चलाएंगे। जनता के मुद्दों पर जमकर संघर्ष करेंगे। जल्द की कार्यकारिणी का गठन होगा।
-उमेश कठेरिया