बरेली। 300 बेड अस्पताल की पैथोलॉजी में धूल फांक रही ऑटो एनालाइजर बायोकेमिस्ट्री मशीन का संचालन जल्द शुरू होगा। सोमवार को सीएमओ पैथोलॉजी पहुंचे और फर्म प्रतिनिधि को कॉल कर मशीन संचालन के निर्देश दिए। इस मशीन के शुरू होने से मरीजों के रक्त के नमूने की जांच रिपोर्ट जल्द मिल सकेगी।
तीन सौ बेड अस्पताल में इसी साल फरवरी में ऑटो एनालाइजर बायोकेमिस्ट्री मशीन शासन ने भेजी थी। डिब्बे में बंद मशीन का मामला अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तब अफसरों ने संबंधित फर्म को पत्र लिखा। चार माह बाद जून के शुरू में ऑनलाइन पंजीकरण और रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कंप्यूटर लगे, लेकिन मशीन कनेक्ट नहीं हुई। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने लैब टेक्नीशियन से वजह पूछी। फिर फर्म प्रतिनिधि गजेंद्र को कॉल कर 24 घंटे में जरूरी पत्राचार, उपकरण आदि उपलब्ध कराकर संचालन के निर्देश दिए।
सीएमओ ने बताया कि ट्रायल के बाद जुलाई से मरीजों की जांच शुरू होने की उम्मीद है। फिर एक्सरे कक्ष से मरीजों को फिल्म की हार्ड कॉपी न मिलने पर पूछताछ की। टेक्नीशियन ने ऑनलाइन रिपोर्ट देने की जानकारी दी। ओपीडी, रैबीज क्लीनिक के निरीक्षण में व्यवस्था संतोषजनक रहीं।