नवाबगंज फोटो 1 मृतक शिक्षक सरफुदीन अंसारी का फाइल फोटो
नवाबगंज। रोडवेज बस की टक्कर से सड़क पार कर रहे बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई, जबकि बस चालक मौके से फरार हो गया।
हाफिजगंज निवासी सरफुद्दीन अंसारी (30) एक निजी स्कूल में शिक्षक थे। मंगलवार शाम सरफुद्दीन बाइक से हरहरपुर मटकली की ओर से आ रहे थे। वह जैसे ही बाइक से हाफिजगंज बाईपास पर सड़क को पार कर रहे थे। तभी बरेली की ओर से आ रही उत्तराखंड डिपो की रोडवेज बस की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते बेटा मोहम्मद आवान, पिता रईसुद्दीन, मां और पत्नी के साथ अन्य परिजन भी आ गए , जो यह सब देखकर रोने लगे। परिजनों ने शिक्षक के शव का अंतिम संस्कार करा दिया है। पुलिस को अभी मामले में तहरीर नहीं दी गई है। संवाद
बाइकों की भिड़ंत में पांच घायल, हालत गंभीर
शाहबाद (रामपुर)। दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरेली के सिरौली क्षेत्र के गुरगांवा गांव निवासी ओम नारायण, पत्नी राधिका, बेटा आशीष (13) और महेंद्रपाल बाइक से शाहबाद के गलपुरा रिश्तेदारी में आ रहे थे। चारों एक ही बाइक पर सवार थे। आते समय टांडा और सुहावा गांव के बीच सामने से आ रही दूसरी बाइक से अचानक टक्कर हो गई। दूसरी बाइक टांडा गांव निवासी आकाश चला रहा था। हादसे में दोनों बाइक पर सवार पांचों लोग जख्मी हो गए। माैके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से शाहबाद सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डाॅक्टरों ने बताया कि पांचों के हाथ-पैर टूट गए हैं। सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में घायलों के परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। संवाद