फायरिंग की फर्जी सूचना दी तो दौड़ी पुलिस, दो गिरफ्तार
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद एक पक्ष ने डायल-112 पर फायरिंग की सूचना दे दी। पुलिस पहुंची तो मामला मारपीट का निकला। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई।
इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात आठ बजे डायल-112 को सूचना मिली कि फरीदापुर के मोहल्ला दामादपुरा में गोली चल गई है। दरोगा सतीश कुमार ने जांच की तो पता चला कि तसलीम ने दस दिन पहले मोहल्ले के राशिद से आठ हजार रुपये में पुराना मोबाइल फोन खरीदा था।
उसके खराब होने पर वह शुक्रवार दोपहर वापस करने गया तो दोनों में विवाद हो गया। उस वक्त कुछ लोगों ने मामला सुलझा दिया। रात में दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस को फायरिंग की सूचना दी गई तो पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी मानुष पारीक ने भी बताया कि मामला मारपीट का ही है।