फरीदपुर। दिल्ली से घर आ रहे भाई को लेने जा रहे बाइक सवार युवक की ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर लगने से मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक कुंवर सिंह के खिलाफ फरीदपुर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के कल्यानपुर गांव निवासी नितिन कुमार (19) राजस्थान में मजदूरी करता था। वह तीन दिन पहले ही राजस्थान से घर आया था। उसका भाई दिल्ली में सिलाई का काम करता है। मंगलवार सुबह वह दिल्ली से घर आने के लिए फरीदपुर पहुंचा था। फरीदपुर पहुंचने के बाद उसके भाई ने नितिन से बाइक मंगाई। गांव तक जाने के लिए यातायात का कोई साधन नहीं था। सुबह लगभग छह बजे नितिन बाइक से भाई को लेने फरीदपुर जा रहा था।
गांव से निकलते ही गन्ना सेंटर के पास पहुंचा था। वहीं, सामने से कल्यानपुर निवासी कुंवरसेन अपनी ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर आ रहा था। गन्ना सेंटर के पास ही सामने से बाइक में ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर लगने से वह गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे नितिन के परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक कुंवर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। संवाद