बरेली। किरायेदार और मकान मालिक का विवाद इस कदर तूल पकड़ा कि किरायेदार ने घर छोड़ दिया और रात के अंधेरे में आकर घर के सामने खड़ी बाइक फूंक दी। घर में भी आग लगाने की कोशिश की। सीसी फुटेज वायरल होने के बाद आरोपी को शाहजहांपुर से हिरासत में लिया गया है।
शाहजहांपुर निवासी छात्र अमन सक्सेना ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि वह कटरा चांद खां में अजय गुप्ता के घर में किराये पर रहता है। 26 जनवरी की रात 12 बजे दो लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर आए और घर के बाहर खड़ी उनकी बाइक को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। फिर मकान मालिक के घर के गेट पर भी पेट्रोल डालकर आग लगाई। इंस्पेक्टर पांडेय ने बताया कि फुटेज चेक की तो पता लगा कि इसी मकान में किराये पर रहने वाले शाहजहांपुर के बंडा निवासी दूसरे छात्र को मकान मालिक ने निकाल दिया था।
छात्र ने अपने 1500 रुपये मांगे थे तो मकान मालिक ने इन्कार कर दिया। आरोप है कि उस छात्र के पीछे लड़के भी लगाए गए। मकान मालिक को नुकसान पहुंचाने की भावना से उसी छात्र ने यह घटना की। पुलिस ने उसे बंडा से हिरासत में ले लिया है। रिपोर्ट में उसका नाम खोला जाएगा। ब्यूरो