बरेली। अंतरराष्ट्रीय इंडो-भूटान ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दो स्वर्ण समेत नौ पदक लाने वाले शहर के खिलाड़ियों को बृहस्पतिवार को सम्मानित किया गया। समारोह ताइक्वांडो वेलफेयर सोसाइटी की ओर से हुआ।
प्रतियोगिता का आयोजन भूटान ओलंपिक कमेटी की ओर से 17 से 19 दिसंबर तक किया गया। इसमें देश के 52 ताइक्वांडो खिलाड़ी शामिल हुए थे। बरेली के 11 खिलाड़ियों में से नौ ने पदक अपनी झोली में डालने में कामयाबी हासिल की। गौरव सिंह और हिमेश पटेल ने स्वर्ण पदक जीता। अभिषेक, अजय प्रताप, विवेक सिंह, अंकिता, विशाल और अर्जुन को रजत पदक मिला जबकि सरस्वती को कांस्य पदक मिला है। इस मौके पर एसपी सिटी समीर सौरभ, ताइक्वांडो सोसाइटी के सचिव मो. अकमल खान, सौरिक बनर्जी, संजय, अनीस फैसल, हरीश सिंह बोरा आदि शामिल थे।
नेशनल प्रतियोगिता में खेलेंगे आठ खिलाड़ी
मुंबई में 22 से 24 जनवरी तक होने वाली नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बरेली से आठ खिलाड़ी शामिल होंगे। सीनियर फ्लाई वर्ग में नेहा यादव, सीनियर फिन वर्ग में शालिनी सिंह, सीनियर ब्लैक बेल्ट फैदर में नसरत खान, सीनियर फ्लाई वर्ग में कदीर हसन, सीनियर वैल्टर वर्ग में सरस्वती, जूनियर बैंटम वर्ग में रितिक कुमार, जूनियर फैदर वर्ग में दीपक पाल और जूनियर फिन में गौरव दमखम दिखाएंगे।