बरेली के मीरगंज क्षेत्र में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के खिलाफ नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में मीरगंज से भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा भी लोगों के साथ खड़े दिखाई दिए।
बरेली के मीरगंज में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी के दौरान मीरगंज से भाजपा विधायक का हाथ उठाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अब विरोधी दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता विधायक को ट्रोल कर रहे हैं। हालांकि, विधायक ने आरोपों को नकार दिया है।
विज्ञापन
हल्द्वानी में हुए अमित मौर्य हत्याकांड को लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ता सोमवार को मीरगंज में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम को ज्ञापन देने जा रहे थे। इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनके साथ भीड़ में मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा भी नजर आए। वह वीडियो में भीम आर्मी वालों के साथ ही हाथ उठाए दिखाई दे रहे हैं।
विपक्षी नेता कस रहे तंज
वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, राजनीतिक गलियारों में हलचल शुरू हो गई। विपक्ष को हमा करने का मौका मिल गया। विपक्षी नेताओं ने वीडियो को हाथों-हाथ लिया और सत्ताधारी दल पर तंज कसा कि अब उनके ही विधायक सरकार से नाखुश होकर विरोध करने लगे हैं। यह जनता को गुमराह करने वाली राजनीति का नतीजा है। भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता भी इसको लेकर पशोपेश में हैं। वीडियो स्पष्ट होने की वजह से वह सोशल मीडिया पर विधायक का बचाव भी नहीं कर पा रहे हैं।
मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने कहा कि मैं उधर से गुजर रहा था। तभी कुछ लोगों ने रोका तो मैं अपनी गाड़ी से नीचे उतरा। लोग उत्तराखंड सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। मैंने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। मैंने सरकार का कोई विरोध नहीं किया है।