भमोरा पुलिस ने दो मादक पदार्थ तस्करों की अवैध संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की है। तत्कालीन थाना प्रभारी सनी चौधरी ने यहां तस्करों पर जो ताबड़तोड़ कार्रवाई की, उसके बाद सफेमा के तहत यह जब्तीकरण किया गया है।
नौ जनवरी को भमोरा थाने के तत्कालीन एसओ सनी चौधरी ने बल्लिया गांव निवासी सलमान को गिरफ्तार कर उससे व उसके साथियों से 61 किलो 500 ग्राम डोडा बरामद किया था। भमोरा थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पिछले साल दिसंबर में एएनटीएफ और भमोरा पुलिस ने बदायूं कोतवाली क्षेत्र निवासी फैसल खान उर्फ अर्शी को गिरफ्तार किया था। फैसल और उसके साथियों के पास से साढ़े तीन किलो अफीम बरामद हुई थी। भमोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कर फैसल और उसके साथियों को जेल भेजा गया था। एसओ ने दोनों तस्करों की अवैध संपत्ति चिह्नित कराने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य को रिपोर्ट भेजी थी। विवेचना के दौरान सामने आया कि तस्करी के रुपये से सलमान ने टेंपो खरीदा है। फैसल ने तस्करी से की कमाई से बाइक और कार खरीदी है।
अवैध संपत्ति चिह्नित करने के बाद एसएसपी ने इसे फ्रीज करने के लिए सफेमा, एनडीपीएस कोर्ट नई दिल्ली को प्रस्ताव भेजा था। सक्षम प्राधिकारी ने सुनवाई कर साक्ष्यों के आधार पर संपत्ति फ्रीज करने के आदेश दिए। इसके बाद संपत्ति को फ्रीज किया गया है।