वसूली व अन्य तरह के आरोपों की शिकायतों पर प्रारंभिक जांच के बाद एसओजी और साइबर सेल के छह पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। एसएसपी ने जांच के बाद सभी का देहात के थानों में तबादला कर दिया। थानेदारों को निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति के वह थाना क्षेत्र की सीमा से बाहर नहीं जा सकेंगे। कार्रवाई में एक दरोगा भी शामिल है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने साइबर थाने के दरोगा अंकित सिंह को थाना शाही, साइबर सेल के दीवान सतेंद्र कुमार को सिरौली, एसओजी प्रथम से संबद्ध मोहित शर्मा को बिशारतगंज भेजा है। साइबर थाने के सिपाही मनीष कुमार का शीशगढ़, एसओजी द्वितीय के मधुर का क्योलड़िया और अंकुर भाटी का शेरगढ़ ट्रांसफर कर दिया है।
ग्रामीण इलाकों के जिन थानों में इन पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर किया गया है उनके इंस्पेक्टर को एसएसपी ने पांच बिंदुओं पर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। लिखा है कि वह इनकी गतिविधियों की निगरानी करें। किसी मामले में संलिप्तता मिलने पर गोपनीय सूचना दें। इंस्पेक्टर की अनुमति के बिना थाना क्षेत्र छोड़ने पर रोजनामचा में उसे दर्ज करें। निर्देशों का उल्लंघन करने पर इंस्पेक्टर भी कार्रवाई के घेरे में आएंगे।