भगवान महावीर जन्मोत्सव पर शहर में निकाली गई शोभायात्रा
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भगवान महावीर की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें धर्मावलंबियों ने हिस्सा लिया। इसमें झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शहर के दोनों ही जैन मंदिरों में भगवान का प्रासुक जल से अभिषेक किया गया। नित्य नियम पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने जन्म कल्याणक महोत्सव का ध्वजारोहण किया।
इसके बाद 48 दीपों के साथ रथ पर विराजमान भगवान महावीर की आरती की गई। इसके बाद शोभायात्रा निकाली गई। जीओ और जीने दो का संदेश देती झांकियों के साथ रामपुर बाग स्थित जैन मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए जैन मंदिर बिहारीपुर पहुंची। जहां पर जयकारों के बीच जिनेंद्र भगवान का जलाभिषेक किया गया। फिर वहां से शोभायात्रा पुनः जैन मंदिर रामपुर बाग पहुंच कर धर्म सभा में परिवर्तित हो गई।
इस दौरान केसरिया, पीले और रंग बिरंगे परिधानों में सजे श्रद्धालु ढोल–नगाड़ों की थाप पर महावीर झूले पालना.., तुमसे लागी लगन.., महावीर तुम्हारे द्वारे पर.. आदि भजनों पर झूमते रहे। जगह जगह पर वीर भक्तों ने शोभा यात्रा का स्वागत किया। धार्मिक कार्यक्रमों के उपरांत समाज का सहभोज हुआ।
श्री महावीर निर्वाण समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जैन, मीडिया प्रभारी सौरभ जैन, उपमंत्री सतेंद्र कुमार जैन, मंत्री कृष्ण कुमार जैन, पंडित आदित्य जैन, कोषाध्यक्ष सतीश चंद्र जैन, जीएल अरोड़ा जैन, साधना जैन मौजूद रहे।