शनिवार को जिले के सात राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों और एक मॉडल स्कूल का लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोकार्पण किया और बरेली में लघु उद्योग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी भगवत सरन गंगवार ने । विकास भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवत सरन ने कहा कि नई पीढ़ी में योग्यता के साथ उद्दंडता भी बढ़ रही है। सरकार तो उनको शिक्षित कर सकती है, लेकिन संस्कारित करने का काम माता-पिता का है। प्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए डिग्री कॉलेज, इंटरमीडिएट कॉलेज खुलवाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मीरगंज विधायक सुल्तान बेग ने कहा कि अगर इन विद्यालयों में कंप्यूटर की शिक्षा दी जाती है तब तो इनका औचित्य है। डीएम संजय कुमार ने कहा कि सरकार की सभी योजनाएं गरीब, असहाय लोगों के उत्थान के लिए हैं जरूरतमंदों को इनका लाभ उठाने के लिए संकोच नहीं करना चाहिए। इस मौके पर जिला प्रशासन की ओर से सौ जरूरतमंदों को कंबल बांटे गए। कार्यक्रम का संचालन सीडीओ शिवसहाय अवस्थी ने किया। प्रभारी डीआईओएस आरके सिंह और डीआरडीए के परियोजना निदेशक साहित्यप्रकाश मिश्र भी मौजूद रहे।
इंसेट...
इन स्कूलों के शिलापटों का अनावरण
परौथी, बढ़ेपुरा, शिवपुरी, औरंगाबाद, नवीनगर, बल्ली और अलीगनगर के राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल और अल्हैया के मॉडल स्कूल का लोकार्पण हुआ। इनके पत्थर लखनऊ से आए थे। अनावरण के बाद यह विद्यालयों में भिजवा दिए गए।