बरेली। कोरोना के दौर में पीड़ित वकीलों की मदद के लिए बार काउंसिल की ओर से भेजी गई 15.5 लाख रुपये की धनराशि वकीलों में बंटने से पहले ही विवादों में फंस गई है। बार एसोसिएशन की ओर से बरेली मंडल के प्रभारी नामित किए गए शिरीष मेहरोत्रा के पास अब तक जरूरतमंद वकीलों की सूची ही नहीं पहुंची है। उनका कहना है कि इस बारे में बार के पदाधिकारियों को कई बार सूचना दी गई है फिर भी सूची नहीं भेजी जा रही है।
हालांकि वकीलों तक आर्थिक मदद पहुंचने में एक अड़चन और है। बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष की शिकायत पर उसका खाता बैंक ने सीज कर दिया है। कोषाध्यक्ष का आरोप था कि इस खाते से मनमाने ढंग से पैसा निकाला जा रहा है। बता दें कि बार कांउसिल ऑफ यूपी ने 10 करोड़ और बार कांउसिल ऑफ इंडिया ने एक करोड़ की धनराशि कोरोना के दौर में यूपी के जरूरतमंद वकीलों के लिए दी है। यह पैसा उन वकीलों को दिया जाना है जिनके नाम का अनुमोदन जिले की बार एसोसिएशन करेगी। बार काउंसिल सदस्य शिरीष मेहरोत्रा को मंडल का प्रभारी बनाया गया है। पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर में यह पैसा पहले ही बांटा जा चुका है लेकिन बरेली बार एसोसिएशन में सूची ही तैयार नहीं हो पा रही है। बता दें कि बरेली को 18.5 लाख रुपये दिए गए हैं जिसमें से 15.5 लाख बरेली बार और बाकी तहसीलों में बांटा जाना है।
कहीं वकीलों का नुकसान न हो जाए
बार काउंसिल का भेजा हुआ पैसा आ चुका है लेकिन अब तक बरेली बार एसोसिएशन ने न सीओपी धारक वकीलों की संख्या भेजी है और न नाम। अच्छा तो यह होता कि बरेली बार एसोसिएशन के सदस्य आपस में बैठकर विवाद को हल कर लेते। पैसा अगर वापस चला गया तो वकीलों का बहुत नुकसान होगा। - शिरीष मेहरोत्रा, बार कांउसिल सदस्य
जल्द सौंप दी जाएगी सूची
वकीलों की सूची तैयार की जा रही है जिसे जल्द ही सौंप दिया जाएगा। यह पैसा उनकी अगुवाई में वकीलों को बांट दिया जाए, इसमें कोई एतराज नहीं लेकिन वकीलों की सूची बरेली बार ही तय करेगी। पैसा बरेली बार के खाते में आना है। इसमें कोई परेशानी नहीं है। -घनश्याम शर्मा, अध्यक्ष बरेली बार एसोसिएशन
.. तो वापस ले लेंगे शिकायत
बार एसोसिएशन के पदाधिकारी मनमाने तरीके से खाते से रकम निकाल रहे थे। कोषाध्यक्ष को इसकी कोई जानकारी नहीं दी जाती थी। पैसों का वकीलों के हित में भी इस्तेमाल नहीं होता था। इसलिए बैंक में शिकायत की गई थी लेकिन वकीलों को पैसा देने होंगे तो शिकायत वापस ले ली जाएगी। वकीलों की सूची का बार की 21 सदस्यीय कमेटी से अनुमोदन होना चाहिए। - जयपाल सिंह कश्यप, बरेली बार एसोसिएशन
पूरे मंडल के लिए आए 45 लाख
बरेली मंडल के लिए 45 लाख रुपये भेजे गए थे। इसमें से 8.5 लाख रुपये पीलीभीत और इतने ही बदायूं के वकीलों को दिए गए। शाहजहांपुर के वकीलों को दस लाख रुपये दिए गए। बरेली जिले के वकीलों के लिए 18.5 लाख रुपये बार काउंसिल ने भेजे हैं। इसमें से एक लाख नवाबगंज, एक लाख आंवला और 80 हजार रुपये बहेड़ी तहसील के वकीलों को दिए गए हैं।