बरेली। त्योहार के सीजन में नियमित ट्रेनें पहले से फुल हैं। कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति के बीच त्योहार विशेष ट्रेनें यात्रियों के लिए सहारा बन रही थीं, लेकिन अब प्रमुख तारीखों में विशेष ट्रेनों में भी वेटिंग तेजी से बढ़ रही है। बरेली होते हुए पूर्वांचल, बिहार और पश्चिमी बंगाल की ओर जाने वाली कई विशेष ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट मुश्किल हो गया है। स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 100 तक पहुंच रही है।
रेलवे त्योहार के सीजन में बरेली होते हुए 52 ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इनमें 40 ट्रेनों का जंक्शन पर ठहराव है, जबकि 12 ट्रेनें वाया चंदौसी-कैंट-शाहजहांपुर होते हुए चलाई जा रही हैं। नियमित ट्रेनों में दिवाली और भैयादूज के बाद नवंबर के पहले सप्ताह पूर्वांचल व बिहार के प्रमुख त्योहार छठपूजा के लिए सीटें फुल हो चुकी हैं। गौर करने की बात यह है कि जिन 25 अक्तूबर से नौ नवंबर तक ज्यादातर विशेष ट्रेनें भी फुल हो गई हैं। इस बीच रेलवे ने कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए हैं, लेकिन समस्या खत्म नहीं हो रही।
सबसे ज्यादा मारामारी जम्मू, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली की ओर से आकर यूपी के पूर्वांचल और बिहार के अलग-अलग स्टेशनों तक जाने वाली ट्रेनों में है। दरअसल, त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन सप्ताह में एक, दो, तीन और चार दिन किया जा रहा है। इस कारण भी इन ट्रेनों में ज्यादा भीड़ है।
-
इन विशेष ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं
-05110 आनंद विहार-छपरा त्योहार विशेष, 05194 कटड़ा-छपरा हार विशेष, 05224 आनंद विहार-गोरखपुर त्योहार विशेष, 05055 लालकुआं-वाराणसी हार विशेष, 04032 आनंद विहार-सहरसा हार विशेष, 04066 दिल्ली-जयनगर हार विशेष, 04646 जम्मू-बरौनी हार विशेष, 5006 अमृतसर-गोरखपुर हार विशेष, 04829 जोधपुर-गोरखपुर हार विशेष, 05302 आनंद विहार-मऊ हार विशेष,, 04314 हरिद्वार-मुजफ्फरपुर हार विशेष
त्योहार पर रोडवेज करेगा 80 अतिरिक्त बसों का संचालन
बरेली। रोडवेज भी त्योहार के दिनों में यात्रियों के अतिरिक्त दबाव को लेकर तैयारियों का अंतिम रूप दे रहा है। रीजन के बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो 80 अतिरिक्त बसों का संचालन करेंगे। चारों एआरएम से डिपो स्तर पर अतिरिक्त भीड़ वाले रूटों की सूची मांगी गई है। बसों का संचालन 25 अक्तूबर से शुरू करने की तैयारी है।
दिवाली से पहले रोडवेज को 50 नई बसें मिलनी थीं। इनमें 10 बसें अगले सप्ताह तक मिलने की उम्मीद है। शेष 40 बसें दिवाली के बाद मिल सकेंगी। ऐसे में पुरानी बसों को दुरुस्त किया जा रहा है। लोकल रूटों पर पुरानी और लंबे रूटों पर नई बीएस-6 मॉडल बसों को चलाया जाएगा। रूट चार्ट तैयार किए जा रहे हैं। पिछले वर्ष दिवाली, भैयादूज पर किन रूटों पर बसों को लेकर समस्या रही उनकी सूची बनाई जा रही है। सेवा प्रबंधक धनजीराम ने बताया कि रीजनल वर्कशॉप से लेकर डिपो स्तर के वर्कशॉप तक बसों की छोटी से छोटी कमियों को दूर कराया जा रहा है। संवाद