बरेली। धर्मपुर में धूल फांक रहे सीएचसी भवन के परिसर में मधुमक्खी पालन का मामला सुर्खियां बना तो अफसर चेते। मधुमक्खी पालन के लिए वहां रखे बक्से बुधवार को हटवा दिए गए। अस्पताल के संचालन के लिए कुर्सी, मेज और उपकरण भी पहुंचने लगे।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि परिसर में रखे बॉक्स हटवाकर भवन के अंदर और बाहर सफाई कराई गई। जल्द कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की तैनाती की जाएगी। मैपिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीएचसी पूरी क्षमता के साथ संचालित की जाएगी। इससे पहले वहां जांच के लिए पैथोलॉजी तैयार होगी। चिकित्साधिकारी कार्यालय समेत ओपीडी कक्ष, डिस्पेंसरी, पर्चा काउंटर, वार्ड आदि की व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी। इससे आसपास के लोगों को घर के नजदीक इलाज मिल सकेगा।
बिथरी चैनपुर की चिकित्साधिकारी डाॅ. उत्तरा शर्मा बुधवार को धर्मपुर स्थित नवनिर्मित सीएचसी पहुंची। साथ में सीएचओ राजपाल यादव, शिवम मौजूद रहे। उन्होंने कर्मचारियों से परिसर को साफ करवाया। अगले माह से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने की उम्मीद भी जताई।
दो साल से परिसर बन गया था चारागाह
पांच करोड़ के बजट से दो वर्ष पहले निर्मित भवन का परिसर अनदेखी की वजह से पार्किंग और चारागाह बन गया था। जबकि, मरीजों को इलाज के लिए 15 से 20 किमी तक का सफर तय करना पड़ रहा है। अमर उजाला ने प्रकरण को प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया तो अफसर हरकत में आए। ब्यूरो