बरेली। भदपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत मरगापुर मरगईया में हुए घोटाले की विस्तृत जांच नहीं हो पा रही है। खंड विकास अधिकारी ने अभी तक जांच अधिकारियों को अभिलेख ही उपलब्ध नहीं कराया है। इससे जांच प्रभावित हो रही है।
23 अगस्त को ग्राम पंचायत मरगापुर मरगईया निवासी रामसनेही ने सीसी रोड व नाली निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। सीडीओ ने इसकी जांच भूमि सरंक्षण अधिकारी संजय कुमार सिंह और राजकीय निर्माण निगम के सहायक अभियंता संजय कुमार चौधरी को सौंपी थी। प्राथमिक जांच में ग्राम प्रधान निशा गंगवार, ग्राम विकास अधिकारी विशाल कुमार, तकनीकी सहायक रामचंद्र मौर्य और रोजगार सेवक भी दोषी पाए गए थे।
पांच अक्तूबर को ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज कर मामले की विस्तृत जांच उप निदेशक कृषि अभिनंदन सिंह और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को दी गई थी। दोनों जांच अधिकारी कई बार खंड विकास अधिकारी से मामले से संबंधित अभिलेख मांग चुके हैं। उन्होंने पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में भी अभिलेख मांगे थे, लेकिन उपलब्ध नहीं कराए गए। उप निदेशक कृषि का कहना है कि अभिलेख न मिलने से जांच नहीं हो पा रही है। अगर बीडीओ ने अभिलेख नहीं दिए तो वह डीएम को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग करेंगे। संवाद