बरेली। ग्रेटर बरेली बसाने के लिए सात गांवों की अवशेष 25 फीसदी जमीन बीडीए अधिग्रहीत करेगा। बीडीए को 75 प्रतिशत भूमि पहले ही मिल गई थी, पर सड़क और सीवर के काम पूरे नहीं हो पा रहे थे। इसलिए डीएम को प्रस्ताव भेजकर भूमि अर्जन के लिए अधिसूचना जारी कराई गई है।
बरेली-बीसलपुर मार्ग के किनारे ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के लिए मोहनपुर उर्फ रामनगर, अहरोला, नवदिया झादा, वालीपुर अहमदपुर, इटौआ बेनीराम, कचौली व कंथरी गांवों की जमीन अधिग्रहीत की जानी है। जो भूमि अधिग्रहीत की जानी है, अधिसूचना जारी कर उसके गाटा संख्या के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है। बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने बताया कि प्राइम लोकेशन के सेक्टर तीन और चार में भूखंडों के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने पहली जनवरी से पंजीकरण खोल दिया है। इच्छुक लोग 12 जनवरी तक आवेदन कर सकते है। भूखंड आवंटन के लिए 14 जनवरी को लॉटरी प्रस्तावित है। ऑनलाइन आवेदन bda.info.org पर कर सकते हैं। ब्यूरो