जलधारा के दोनों लगाए जाएंगे पेड़
कैनाल फ्रंट का सबसे मुख्य आकर्षण उसका हरित आवरण होगा। जलधारा के दोनों किनारों को विभिन्न प्रजातियों के फूलों, आकर्षक उद्यानों और रचनात्मक पुष्प संरचनाओं से सजाया जाएगा। जलधारा में आधुनिक फव्वारे और विशेष थीम बेस्ड लाइटें लगाई जाएंगी।
बीडीए का दावा है कि यह परियोजना स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों को भी अपनी ओर आकर्षित करेगी। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय व्यापार, छोटे व्यवसायों और सेवा क्षेत्र को सीधा लाभ पहुंचेगा। इससे बरेली की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कला, खेल और ज्ञान-विज्ञान का होगा अनूठा संगम
कैनाल फ्रंट को ज्ञानवर्धक व मनोरंजक भी बनाया जाएगा। इसके विभिन्न हिस्सों में कलात्मक और विषयगत (थीम बेस्ड) संरचनाएं स्थापित होंगी। इसमें प्रकृति, पक्षी और पशु जगत के साथ क्रिकेट बैट, शटलकॉक और ग्लोब जैसी आकृतियां शामिल होंगी।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि ग्रेटर बरेली को आधुनिक, सुंदर और नागरिक केंद्रित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कैनाल फ्रंट इसी का हिस्सा है। प्रयास है कि जलधारा के दोनों ओर फूल, हरियाली, फव्वारे, प्रकाश व्यवस्था, खेल और मनोरंजन की सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक स्थल विकसित हो।