फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली: बीडीए की तीन बड़ी टाउनशिप पर शासन की सीधी नजर, हर महीने देना होगा प्रगति और खर्च का हिसाब

Thu, 26 Nov 2026 11:55 AM IST
Mukesh Kumar अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में ग्रेटर बरेली, सप्तनाथ इको सिटी और इंडस्ट्रियल टाउनशिप जैसी तीन बड़ी परियोजनाओं की प्रगति पर अब शासन सीधी नजर रखेगा। बीडीए को हर महीने तीनों नई टाउनशिप की प्रगति और खर्च का हिसाब देना होगा। 
विज्ञापन
प्रस्तावित सप्तनाथ इको सिटी - फोटो : स्त्रोत- बीडीए
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में नई टाउनशिप और आवासीय योजनाओं की प्रगति पर अब शासन की सीधी नजर रहेगी। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत स्वीकृत परियोजनाओं का ब्योरा नियमित रूप से देना होगा। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को हर महीने की पांच तारीख तक निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी।

विज्ञापन


आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने 25 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है। इसमें 18 नवंबर को हुई समीक्षा बैठक का भी उल्लेख है। शासन ने कराए जा रहे कार्यों, उनकी प्रगति और अब तक हुए व्यय का ब्योरा मांगा है। यह व्यवस्था परियोजनाओं में देरी और खर्च की स्थिति पर नजर रखने के लिए की गई है। इससे अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।

तीन बड़ी योजनाओं के लिए 961 हेक्टेयर जमीन
शहर के विस्तार और आवासीय, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बीडीए तीन बड़ी परियोजनाओं पर काम कर रहा है। इनमें ग्रेटर बरेली आवासीय योजना, सप्तनाथ इको सिटी और इंडस्ट्रियल टाउनशिप शामिल हैं। इन योजनाओं के लिए कुल 961.41 हेक्टेयर जमीन जुटाई जानी है। इसमें से 906.25 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। 
विज्ञापन


बाकी जमीन जुटाने और किसानों को मुआवजा देने की तैयारी है। इन परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। यह रिपोर्ट 21 नवंबर 2026 तक की स्थिति के आधार पर तैयार की गई है। इसमें जमीन अधिग्रहण, किसानों को भुगतान और परियोजनाओं पर खर्च का ब्योरा दिया गया है।

Trending Videos

प्रमुख परियोजनाओं की स्थिति
ग्रेटर बरेली : इस आवासीय योजना के लिए 632.77 हेक्टेयर जमीन निर्धारित की गई है। इसके लिए वित्त वर्ष 2023-24 में 400 हेक्टेयर और 2024-25 में 232.77 हेक्टेयर जमीन जुटाई गई। इस तरह पूरी प्रस्तावित जमीन का अधिग्रहण हो चुका है। किसानों को 597.32 करोड़ रुपये का भुगतान दर्शाया गया है।

सप्तनाथ इको सिटी : पीलीभीत बाइपास पर इस योजना के लिए 199.08 हेक्टेयर जमीन प्रस्तावित है। 198.48 हेक्टेयर जमीन जुटाई जा चुकी है। वित्त वर्ष 2025-26 में 150 हेक्टेयर जमीन खरीदी गई। किसानों को 169.09 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। अब शेष जमीन की व्यवस्था कर योजना को विकसित करने पर जोर है।
विज्ञापन

इंडस्ट्रियल टाउनशिप : इसके लिए 129.56 हेक्टेयर जमीन प्रस्तावित है। इसमें वित्त वर्ष 2026-27 में 75 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित होने वाली इस परियोजना के लिए शेष जमीन जुटाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ानी होगी।

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि नई टाउनशिप की प्रगति व खर्च का हर महीने हिसाब देना होगा। इसके लिए शासन से पत्र मिला है। तीनों प्रस्तावित योजनाओं के जरिये शहर की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के साथ औद्योगिक विकास को भी गति देने की योजना है। फिलहाल, शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। आगे की प्रगति से भी शासन को अवगत कराया जाएगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें