बादशाह नगर के खड़ौआ में कई दिनों से चल रही प्लॉटिंग
विज्ञापन
नगर निगम से भी की गई है शिकायत, लेकिन कार्रवाई नहीं
बरेली। शहर के कई हिस्सों में अवैध कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। बिना अनुमति के प्लॉटिंग भी धड़ल्ले से की जा रही है। इसकी शिकायतें भी बीडीए तक पहुंचती रहती हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है। बिल्डरों से सांठगांठ के चलते बीडीए के जिम्मेदार निगाह फेरे रहते हैं। ज्यादा हो-हल्ला होने पर कुछ दिन के लिए काम रुकवा दिया जाता है, लेकिन बाद में फिर काम शुरू हो जाता है। हाल ही में एक व्यक्ति ने सीबीगंज क्षेत्र में बिना अनुमति बिल्डर के प्लॉटिंग करने की शिकायत की है, लेकिन अब तक बीडीए का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि सीबीगंज क्षेत्र के बादशाह नगर के खड़ौआ में प्लॉटिंग का काम हो रहा है। यह जमीन तीन भाइयों के नाम दर्ज है। वे एक बिल्डर की मदद से प्लॉटिंग करने में लगे हैं। इसकी न तो बीडीए से अनुमति ली गई है और न ही नगर निगम को प्लॉटिंग की सूचना दी गई है। कई दिनों से यहां धड़ल्ले से प्लॉटिंग हो रही है। बीडीए के साथ ही नगर निगम से भी इसकी शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
- संबंधित मामला संज्ञान में नहीं है। ऐसी कोई शिकायत भी नहीं मिली है। अगर कहीं भी अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। - नितीश कुमार, डीएम