बीडीए बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए प्रारंभिक अवशेष सहित 219. 69 करोड़ की आय और पूंजीगत और राजस्व में 146.24 करोड़ के व्यय का बजट पारित किया गया। इस बजट में रामगंगा नगर और ट्रांसपोर्ट नगर की योजना प्राथमिकता पर रखा गया है। बैठक में रामगंगानगर के लिए अधिग्रहीत जमीन का किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा देने के लिए 50 करोड़ के लोन लेने के साथ कई और अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
कमिश्नर प्रमांशु यादव की अध्यक्षता में सोमवार सुबह 11 बजे शुरू हुई बीडीए बोर्ड की बैठक में पिछली बैठक की कार्रवाई की पुष्टि के बाद पुनरीक्षित बजट का अनुमोदन किया गया। इसमें प्रारंभिक अवशेष 65.74 करोड़ मिलाकर रामगंगानगर योजना से 55 करोड़ और ट्रांसपोर्ट नगर से 10 करोड़ की आय प्रस्तावित की गई है। इसके अलावा लोहिया विहार, हरूनगला, दीनदयालपुरम, करगैना, एकता नगर, मथुरापुर और तुलापुर आवासीय योजनाओं में 74 लाख, ऋण से 50 करोड़, राजस्व में 11 करोड़, स्टांप ड्यूटी से छह करोड़, डेवलपमेंट शुल्क से 8.5 करोड़, मानचित्र और प्रशमन शुल्क से पांच करोड़, भू उपयोग परिवर्तन शुल्क से पांच करोड़, ठेकेदारों की जमानत और व्यय अनुरक्षण के 80 लाख रुपये समेत 37. 63 करोड़ की राजस्व प्राप्तियां प्रस्तावित है। पूंजीगत और राजस्व मदों में 153. 88 करोड़ की आमदनी का लक्ष्य है।
पुनरीक्षित बजट में व्यय की मद में रामगंगा योजना की भूमि अध्याप्ति प्रतिकर पर 45 करोड़, निर्माण व विकास पर 35 करोड़ और ट्रांसपोर्ट नगर के विकास पर तीन करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव है। बीडीए पूंजीगत मद में 39 करोड़ और राजस्व मद में 15.10 करोड़ व्यय करेगा। संजय कम्युनिटी हाल के अनुरक्षण पर पांच लाख, वृक्षारोपण पर 15 लाख, पुरानी योजनाओं के हस्तांतरण और अनुरक्षण पर एक करोड़, रेनवाटर हार्वेस्टिंग पर चार लाख, पार्कों के रखरखाव पर 50 लाख का व्यय प्रस्तावित किया गया है। अवस्थापना निधि में 30 करोड़ से सड़केंऔर पुल बनेंगे। 13 करोड़ ब्याज मिलाकर कुल 146. 24 करोड़ के व्यय का अनुमान है।
इसके अलावा नगर आयुक्त और एसपी ग्रामीण के आवासों को तोड़कर संजय कम्यूनिटी हाल में शामिल करने, रामगंगा नगर में प्लाट जल्द आवंटित करने, मृतक आश्रितों की भर्ती, नजूल भूमि को फ्रीहोल्ड करने के लिए दरों में संशोधन, ईडब्ल्यूएस और एलआईजी भवनों के आवंटन जैसे प्रस्तावों को भी बैठक में मंजूरी दी गई। बैठक में डीएम गौरव दयाल, उपाध्यक्ष शशांक विक्रम सिंह, सचिव गरिमा यादव, नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव, चीफ इंजीनियर अजय सिंह, एक्सईएन, पी.पी. सिंह, सीटीपी महावीर सिंह समेत बोर्ड के सदस्य मौजूद थे।
बीडीए की बजट बैठक का जोड़
‘बजट में रामगंगा नगर योजना और ट्रांसपोर्ट नगर पर फोकस है। किसानों का एवार्ड जल्द घोषित कराकर आवंटियों को प्लाट दिलाना प्राथमिकता में है। अधूरे प्रोजेक्ट भी जल्द पूरे होंगे। ’ डा. शशांक विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष बीडीए
‘ बजट काफी संतुलित और प्राधिकरण की आमदनी बढ़ाने वाला है। रामगंगा नगर में किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा देने के लिए 50 करोड़ लोन लेने का लक्ष्य है। 10 करोड़ से ट्रांसपोर्ट नगर को विकसित करने में मदद मिलेगी।’ गरिमा यादव, सचिव बीडीए