बरेली। प्रदेश सरकार ने फास्ट पास पोर्टल के रूप में नागरिकों को बड़ा तोहफा दिया है। अब मकान-दुकान का नक्शा पास कराने के लिए लोगों को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। पोर्टल पर जाकर अपनी डिटेल भरनी होगी और जांच के बाद आप का नक्शा पास हो जाएगा। बीडीए ने फास्ट पास पोर्टल पर काम शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी यह शुरुआती फेज में है। फरवरी के अंत तक सभी नक्शे इसी पोर्टल के जरिये आसानी से पास हो जाएंगे। नए बिल्डिंग बायलॉज के तहत इस फास्ट ट्रैक सिस्टम को लागू किया गया है।
सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार, 500 वर्गमीटर तक के आवासीय भूखंड के नक्शे (पूर्व स्वीकृत लेआउट) बिल्डिंग बायलॉज के आधार पर पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। छोटे निर्माण कार्यों के लिए अब लंबी कागजी कार्रवाई और महीनों के इंतजार की जरूरत नहीं होगी। बड़े नक्शों को आर्किटेक्ट अपलोड करेंगे, जबकि छोटे नक्शे आवेदक खुद ही भर सकते हैं। इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है।
इस तरह करेगा काम
नक्शा पास कराने की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। इसके लिए आवेदकों को आधिकारिक पोर्टल map.up.gov.in पर जाकर मोबाइल नंबर के जरिये रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद यूजर आईडी और पासवर्ड जनरेट होगा। पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद आवेदक को संबंधित फीस जमा करनी होगी और जरूरी जानकारियां साझा करनी होंगी। यदि तकनीकी मानक और दस्तावेज सही पाए जाते हैं तो नक्शा स्वीकृत हो जाएगा। संवाद
बीडीए की ओर से यह पोर्टल जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। फास्टपास लागू होने से भवनों के नक्शे आसानी से स्वीकृत हो जाएंगे। लोगों को कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। - मनिकंडन ए, उपाध्यक्ष बीडीए