बरेली। रामगंगा नगर आवासीय योजना के आवंटियों के लिए अच्छी खबर है। बीडीए यहां प्लॉट देने की तैयारी कर रहा है। विवादित प्लॉटों को छोड़कर बाकी पर कब्जा भी दिला दिया जाएगा। सोमवार को कांफ्रेंस कर बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने यह जानकारी दी। कहा, बीडीए ने इसकी सारी तैयारियां कर ली हैं।
बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि आवासीय और व्यावसायिक भवनों से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर पर भी काम हो रहा है। रामगंगा नगर आवासीय योजना में ड्रेनेज सिस्टम से लेकर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक की योजना बनाई गई है। यहां 27 भूखंडों का आवंटन किया जाना है। अलग-अलग सेक्टरों में भूखंडों की नीलामी शुरू कर दी गई है। ऑनलाइन, ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उपाध्यक्ष ने बताया कि ऐसे प्लॉट जिन पर विवाद है, उन्हें छोड़कर बाकी भूखंड आवंटियों को सौप दिए जाएंगे। आवासीय योजना के अलावा ट्रांसपोर्ट नगर में भी 54 भूखंड बिक्री के लिए चिह्नित किए गए हैं। इनमें 22 व्यावसायिक के अलावा होटल, तौल कांटा और नर्सिंग होम के लिए एक-एक भूखंड हैं। सर्विस सेंटर के लिए दो भूखंड हैं। उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप नंबर 9568006707 पर भूखंडों के लिए आवेदन से संबंधित जानकारी ली जा सकती है।