बरेली। कई जगहों पर अवैध निर्माण तोड़ने के लिए बीडीए छह दिसंबर से ध्वस्तीकरण का अभियान चलाएगा। इसके लिए एडीएम सिटी महेंद्र कुमार सिंह ने मजिस्ट्रेटों की टीम बना दी है। यही टीम फोर्स के साथ अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करेगी।
रमाशंकर पुत्र राम गोपाल आदि ने बड़ा बाईपास अहलादपुर में नियम विरुद्घ निर्माण कार्य करा लिया है। यह अवैध निर्माण छह दिसंबर को ध्वस्त किया जाना प्रस्तावित है। कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एडीएम सिटी ने एसीएम सदर की मजिस्ट्रेट के तौर पर ड्यूटी लगा दी है। इसी तरह सात दिसंबर को नवनीत अग्रवाल और आनंद अग्रवाल निवासी बीडीए कॉम्प्लेक्स ने मुड़िया अहमद नगर पीलीभीत बाईपास पर अवैध निर्माण करा दिया है। यहां सात दिसंबर को बीडीए की टीम ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगी। एडीएम सिटी ने यहां एसीएम सदर को मजिस्ट्रेट तैनात किया है। मीना शाक्य पत्नी जोगेंद्र पाल मौर्य निवासी पानी की टंकी के पास बदायूं रोड पर अवैध निर्माण करा लिया है। यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए एडीएम सिटी ने अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय को मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी तरह शीरत पत्नी स्व. लैमुअल निवासी बिहारीपुर ने पुलिस चौकी के सामने अवैध निर्माण कर लिया है। 10 दिसंबर को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए सिटी मजिस्ट्रेट को तैनाती दी गई हैै।