बरेली। खंडेलवाल कॉलेज में मंगलवार को एक दिवसीय अंतरविभागीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में बीबीए की टीम ने बीसीए विभाग को सीधे सेटों में 25-22 और 25-23 से हराकर जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का ध्यान खींचा। प्रतियोगिता में कॉलेज के 12 विभागों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इनमें बीबीए, बीसीए, एमबीए, एमसीए आदि की टीमें शामिल रहीं। सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर हुए।
पहले सेमीफाइनल में बीबीए ने बीकॉम की टीम पर 15-25 और 25-22 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में बीसीए ने एमबीए को 25-23 और 25-22 से हराया और फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में बीबीए के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही अच्छा तालमेल बनाए रखा। दोनों सेट में टीम ने अंक जुटाते हुए बीसीए को मुकाबले में आगे निकलने का मौका नहीं दिया। बीबीए ने 25-22 और 25-23 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
कॉलेज के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में रचित और अर्पित ने अंपायर की भूमिका निभाई। यह प्रतियोगिता क्रीड़ा अधिकारी अभिनव सिंह और अंकुर भारद्वाज की देखरेख में संपन्न हुई।