बरेली। शहर के पार्कों में सुबह-शाम सैर करने वालों की भीड़ जुटती है। इनमें बुजुर्गों के साथ महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, लेकिन नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद पार्कों में बुनियादी सुविधाएं बदहाल हैं। अमर उजाला की पड़ताल में गांधी उद्यान, सीआई पार्क, अग्रसेन व अक्षय विहार पार्क में बदहाली मिली। गांधी उद्यान पार्क में नगर निगम के बड़े वाहन खड़े मिले।
इन पार्कों में टहलने के ट्रैक टूटे हैं, शौचालयों में गंदगी पसरी है। झूले और जिम की मशीनें खराब पड़ी हैं। कई जगह लाइटें बंद होने से अंधेरा रहता है। नगर निगम 332 पार्कों के रख-रखाव पर प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये खर्च करता है। पिछले वर्ष तीन करोड़ रुपये खर्च हुए, इस साल सात करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी है। सीआई पार्क में 20 से 25 लाइटें बंद हैं। यहां अराजक तत्वों का जमावड़ा होता है और ओपन जिम की मशीनें दो साल से खराब हैं। अग्रसेन व अक्षय विहार पार्क में टाइल्स, झूले व दीवारें भी टूटी हैं।
........................
बोले लोग ...
मैं पिछले 20 से 25 साल से गांधी उद्यान में नियमित टहल रही हूं। पार्क के अंदर जगह-जगह ट्रैक खराब हैं। महिलाओं के लिए बने शौचालय की सफाई भी ठीक से नहीं होती। कैंटीन के पास बने जिम की मशीनें करीब दो साल से खराब पड़ी हैं। - सीमा गुप्ता, रामपुर गार्डन
........................
गांधी उद्यान के पीछे हिस्से में नगर निगम की तरफ से जबरदस्ती बड़े वाहनों को खड़ा किया जाता है, जबकि इसका स्टोर सीता रसोई घर के पास बनाया गया है। पार्क के पिछले हिस्से से रास्ता होने के बाद भी इधर से बड़े वाहन निकलते हैं। इससे डर बना रहता है। -संतोष अग्रवाल, रामपुर गार्डन
गांधी उद्यान में शौचालय हमेशा गंदा रहता है। सुबह लोग सैर करने पहुंचते हैं, तो उसी समय बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। कुछ दिन पहले उनके बीच की एक महिला मित्र के पति की नगर निगम के कूड़ा गाड़ी से दबकर मौत हो गई थी। -प्रतिभा अग्रवाल, रामपुर गार्डन
वह भी 25 से 27 साल से गांधी उद्यान में टहलने आ रही हैं। यहां पर कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। शिकायत करने पर भी चौकीदार ध्यान नहीं देता। व्यवस्था में सुधार नहीं होने से नियमित आने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। - रीता कपूर, रामपुर गार्डेन।
.......................
गांधी उद्यान में बंदरों का आतंक बढ़ गया है। अभी कुछ दिन पहले मेरी महिला साथी के गले के बाद बंदरों ने काट लिया था। वह अपने साथ गुलेल लेकर आती हैं। पार्कों में सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए।
-मधुबाला, अधिवक्ता।
.....................
सीआई पार्क का शौचालय सुबह आठ बजे तक खुलता ही नहीं है और भोर व शाम को लाइटें भी खराब होने से बंद पड़ी हैं। बारिश में पार्क में पानी भर जाता है। केबल बॉक्स में पानी भरने से करंट उतरने का खतरा बना रहता है। - राकेश गुप्ता, राजेंद्रनगर
........................
बड़े वाहन स्टोर पर खड़े होते हैं, अगर फिर भी गांधी उद्यान में खड़े होते हैं तो पीछे के रास्तों से जाना चाहिए। सुबह माॅर्निंग वॉक के समय बड़े वाहनों को नहीं निकालना चाहिए। बदहाल पार्कों की मरम्मत का काम हमेशा चलता रहता है। अभी 50 पार्कों की मरम्मत कराई जानी है। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त