बाद में नजर आएगा लाभ : फरहत नकवी
मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी ने कहा कि वक्फ संपत्तियों को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है। इस बिल के पास होने से इस पर रोक लगेगी। जिस तरह तीन तलाक के खिलाफ कानून का पहले विरोध हुआ, मगर बाद में लोगों को फायदा दिखा। उसी तरह वक्फ संशोधन बिल के पास होने के बाद लोगों को इसका लाभ नजर आएगा। इसमें खास बात यह भी है कि वक्फ बोर्ड में महिलाओं को शामिल किया जाएगा। यह स्वागत योग्य है। इसी तरह दो गैर मुस्लिमों को सदस्य बनाए जाने का भी लाभ मिलेगा। उम्मीद है कि कुछ गलत होने पर वह निष्पक्ष हो कर बोलेंगे।
डरने की जरूरत नहीं : निदा
आला हजरत हेल्पिंग सोसाइटी की अध्यक्ष निदा खान ने कहा कि मुसलमानों को वक्फ संशोधन बिल से डरने की जरूरत नहीं। यह उनके हित में है। वक्फ संपत्ति का लाभ ज्यादातर उलमा या फिर गुंडे उठा रहे हैं। जरूरतमंदों को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है। ज्यादातर लोग वक्फ संपत्तियों पर कब्जा कर लेते हैं। कुछ लोग वक्फ संपत्तियों पर कब्जा कर व्यावसायिक कार्य कर रहे हैं। यह बिल एक दिन में नहीं आया है। इस तरह की बहुत सी शिकायतें पहुंचने के बाद इस संशोधन का निर्णय लिया गया है।